दुनिया के महानतम फुटबॉलर्स में शुमार पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए। उन्होंने 11 अगस्त को अर्जेंटीनी-स्पैनिश मॉडल जॉर्जिना रोड्रिगेज से शादी की। 41 वर्षीय रोनाल्डो और 32 साल की जॉर्जिना की शादी भले ही बेहद निजी रही हो, लेकिन इस हाई-प्रोफाइल जोड़े की शादी से जुड़ी आर्थिक जानकारी अब चर्चा में है। दोनों की शादी के दस्तावेजों में दर्ज वित्तीय व्यवस्था को लेकर कई दावे सामने आए हैं।
रोनाल्डो की कमाई पर नहीं होगा कोई असर
- रिपोर्ट के मुताबिक, इस व्यवस्था के कारण रोनाल्डो की फुटबॉल से होने वाली कमाई, विज्ञापन अनुबंध और कारोबारी निवेश उनके अपने नियंत्रण में रहेंगे। इसमें सऊदी प्रो लीग क्लब अल-नस्र से मिलने वाली उनकी कमाई और पेस्टाना सीआर7 होटल चेन जैसे कारोबारी उपक्रम भी शामिल बताए गए हैं।
- इसका मतलब यह हुआ कि शादी के बाद भी रोनाल्डो की व्यक्तिगत संपत्ति और कमाई पर उनका नियंत्रण बरकरार रहेगा। इसी तरह जॉर्जिना की अपनी संपत्ति और कमाई भी उनके व्यक्तिगत अधिकार में रहेगी।
तलाक हुआ तो जार्जिना को हर महीने 1.10 करोड़?
- पुर्तगाली मैगजीन टीवी गुइया (TV Guia) की एक रिपोर्ट में शादी के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी कुछ ऐसी शर्तों का दावा किया गया है, जो अलगाव या तलाक की स्थिति में लागू हो सकती हैं।
- रिपोर्ट के मुताबिक, पहली शर्त के तहत जॉर्जिना को रोनाल्डो की ओर से हर महीने करीब एक लाख यूरो, यानी लगभग 1.10 करोड़ रुपये की पेंशन मिल सकती है।
- हालांकि, यह रकम और शर्तें रिपोर्ट में किए गए दावों पर आधारित हैं। इसके अलावा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मैड्रिड के ला फिन्का स्थित दंपती के आलीशान बंगले पर जॉर्जिना का पूरा स्वामित्व रहेगा।
- इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 5.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 53.4 करोड़ रुपये बताई गई है।
शादी में सिर्फ परिवार और करीबी लोग शामिल :
इससे पहले फुंचाल कैथेड्रल में भव्य समारोह की अटकलें लगाई जा रही थीं और वहां फैंस और मीडिया की भीड़ जुटने की खबरें थीं। हालांकि, रिसेप्शन या उसके आयोजन स्थल को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रोनाल्डो और जॉर्जिना ने शादी की तरह इस मामले को भी निजी ही रखा है।







