सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बाएं हाथ के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने पुष्टि कर दी है कि इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में खेला जाने वाला पांचवां एशेज टेस्ट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 88वां टेस्ट होगा और उनका अंतिम मुकाबला होगा।
शुक्रवार सुबह SCG में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस्मान ख्वाजा ने अपने संन्यास की घोषणा की। इस दौरान उनके माता-पिता, पत्नी रेचल और दोनों बच्चे भी मौजूद थे। ख्वाजा ने बताया कि उन्होंने यह फैसला अपने साथियों को ट्रेनिंग से ठीक पहले ही बताया था। ख्वाजा ने कहा, ‘मैंने जैसे ही टीम को बताया, मैं खुद को संभाल नहीं पाया। मुझे नहीं लगा था कि मैं रोऊंगा, लेकिन आंसू निकल आए। इससे पता चलता है कि यह सफर मेरे लिए कितना मायने रखता है।’







