मिचेल स्टार्क और माइकल नेसर के उम्दा प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में आठ विकेट से हराया। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 241 रन बनाए और 64 रनों की बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन दूसरी पारी में दो विकेट पर 69 रन बनाकर जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए डे-नाइट टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पहली पारी में 334 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 511 रन बनाकर 177 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरी पारी में इंग्लैंड की बल्लेबाजी खराब रही और एक समय लगा कि टीम को पारी से हार का सामना करना पड़ेगा, लेकिन चौथे दिन कप्तान बेन स्टोक्स और विल जैक्स ने पारी को संभाला। स्टोक्स ने अर्धशतक लगाया जिससे इंग्लैंड की टीम मामूली बढ़त हासिल करने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया को 69 रनों का लक्ष्य हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले पर्थ टेस्ट में भी जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बीच अब सीरीज का तीसरा मैच एडिलेड में 17 दिसंबर से खेला जाएगा। स्टार्क ने कुल आठ विकेट झटके जिसमें पहली पारी में छह विकेट लेना शामिल है। वहीं, नेसर ने पहली पारी में एक विकेट लिया और दूसरी पारी में पांच विकेट झटके।







