महिला द हंड्रेड के एलिमिनेटर मुकाबले में नॉर्दन सुपरचार्जर की ओपनिंग बल्लेबाज डेविना पेरिन ने अपनी तूफानी बैटिंग से धूम मचा दी। बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया कि टूर्नामेंट के इतिहास में उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बना दिया।
डेविना पेरिन ने लंदन स्प्रिट महिला टीम के खिलाफ मैच में जहां 43 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली तो वहीं उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। डेविना पेरिन अब द हंड्रेड महिला में सबसे कम गेंदों में शतकीय पारी खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं, वहीं इस टूर्नामेंट के इतिहास में ये अब तक का सिर्फ दूसरा शतक है।
नॉर्दन सुपरचार्जर की टीम ने 42 रनों से जीता मुकाबला- एलिमिनेटर मैच में डेविना पेरिन की शानदार पारी के दम पर नॉर्दन सुपरचार्जर की टीम ने इस मुकाबले को 42 रनों से अपने नाम किया। लंदन स्प्रिट की टीम 215 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 100 गेंदों में 172 रनों के स्कोर तक ही पहुंच पाई, जिसमें उनकी तरफ से जॉर्जिया रेडमायने ने 50 रनों की पारी खेली। वहीं नॉर्दन सुपरचार्जर टीम की तरफ से गेंदबाजी में ग्रेस बॉलिंगर और एनाबेल सदरलैंड ने 3-3 विकेट हासिल किए तो वहीं केट क्रॉस 2 विकेट लेने में कामयाब रही। अब नॉर्दन सुपरचार्जर की टीम 31 अगस्त को फाइनल मुकाबले में सदर्न ब्रेव टीम के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।







