Home » डबल मर्डर : किराए के मकान में मां-बेटी की गला दबाकर हत्या, घर लौटा पति तो उड़े होश
राजस्थान

डबल मर्डर : किराए के मकान में मां-बेटी की गला दबाकर हत्या, घर लौटा पति तो उड़े होश

कोटा। राजस्थान के कोटा शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरकेपुरम थाना क्षेत्र के आंवली रोजड़ी इलाके में शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावर ने मां-बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार, मृतका ज्योति वैष्णव (31) और उनकी आठ वर्षीय बेटी पलक वैष्णव अपने किराए के मकान में मृत पाई गईं। ज्योति के पति भगवान वैष्णव एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत हैं।

सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भगवान वैष्णव ड्यूटी पर गए थे। जब वे रात करीब 8 बजे घर लौटे, तो देखा कि उनकी बेटी पलक स्कूल यूनिफॉर्म में अचेत पड़ी थी, जबकि पत्नी ज्योति रसोईघर में लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरी हुई थी। घर के अंदर चारों ओर खून फैला हुआ था। घटना की सूचना पर भगवान वैष्णव ने तुरंत दोनों को कोटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मां-बेटी के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि हत्या से पहले दोनों के साथ मारपीट की गई थी। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

बताया गया है कि ज्योति वैष्णव अपने पति और बेटी के साथ पिछले करीब 10 -11 साल से आंवली रोजड़ी में किराए से रह रही थीं। उनकी बेटी पलक कक्षा पहली में पढ़ती थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और आरोपी की तलाश में कई टीमें सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।

Search

Archives