Home » साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा : साढ़े 43 लाख रूपए की साइबर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान

साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा : साढ़े 43 लाख रूपए की साइबर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान।  कोटा जिले में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसके तार पड़ोसी देश पाकिस्तान और दुबई तक जुड़े मिले हैं। साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साढ़े 43 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच और पूछताछ तेज कर दी है।

 पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 29 एटीएम कार्ड, 13 बैंक की पासबुक और करीब 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिससे नेटवर्क के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।

भोपाल से पकड़े गए आरोपी :  साइबर थाना एसएचओ सतीश चंद्र ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया। आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है, ताकि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा सके।

शुरुआती जांच में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का दावा :  पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तानी सरगना के कहने पर काम करते थे। इसके बाद उनके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन सामने आए हैं। यह भी बताया गया कि खातों से ठगी की रकम दुबई में ऑनलाइन ट्रांसफर की जाती थी। पुलिस इन दावों की पुष्टि के लिए तकनीकी और वित्तीय जांच कर रही है।

आरोपियों की भूमिका क्या रही:  साइबर थाना पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी अमजद उर्फ आर्यन, राहुल पूर्वी, दीपक पूर्वी और विजय कुमार भोपाल के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि राहुल, दीपक और विजय, अमजद के लिए काम करते थे और बैंक खाते खुलवाकर उपलब्ध करवाते थे। इसके बाद अमजद कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे सरगना से संपर्क कर ठगी की रकम जमा करवाता था।

व्हाट्सएप कॉल और चैट से मिले सुराग :  पुलिस के अनुसार ठगी की राशि एटीएम और चेक के माध्यम से खाताधारकों से निकलवाकर बताए गए खातों में मशीन के जरिए जमा की जाती थी। अमजद का मोबाइल जांचने पर व्हाट्सएप कॉल और चैट के जरिए पाकिस्तानी कनेक्शन के सुराग मिले हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत जांच जारी है।

पासपोर्ट और दस्तावेज भी मिले :  पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से अकाउंट ओपनिंग फॉर्म और मोहम्मद अमजद का पासपोर्ट भी मिला है। मोबाइल और लैपटॉप को जब्त कर लिया गया है। इनमें करोड़ों रुपए के लेनदेन से जुड़े सबूत मिलने का दावा किया गया है।

पीड़ितों को रकम रिफंड, खाते होल्ड :  जांच के दौरान अब तक जिन लोगों से ठगी हुई, उनमें से परिवादियों को 8 लाख 5 हजार 745 रुपये रिफंड करवाए गए हैं। वहीं 1 लाख 75 हजार रुपये से जुड़े खातों को होल्ड करवाया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Search