रायपुर। सेंट्रल जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थति में मौत हो गई है। इससे विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतक युवक बिहार के पटना का रहने वाला था। वह जेल में एनडीपीएस मामले में बंद था। बताया जा रहा है कि कैदी पंकज राय 30 वर्ष जेल में बेहोश होकर अचानक गिर गया था। जेल प्रशासन से सूचना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया, परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
वहीं, परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि गुरूवार को मौत होने के बाद भी जेल की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई। दूसरे कैदी से मुलाकात करने पहुंचे व्यक्तियों से घटना की जानकारी हुई। परिजनों का आरोप है कि दो-तीन दिन पहले जेल में पंकज से मारपीट भी हुई थी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
0 इस मामले में बनाया गया था बंदी
मिली जानकारी के अनुसार करीब 3 साल पहले डीआरआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंकज को गिरफ्तार किया था। पुलिस को इनके पास से गांजा बरामद हुआ था। वह ट्रक ड्राइवर था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और सेंट्रल जेल रायपुर में बंद था। गुरूवार को जेल में पंकज अचानक गिर गया। आनन-फानन में उसे ईलाज के लिए जेल अस्पताल और फिर आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।







