रायपुर। साइबर ठगों की एक नई और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। दक्षिण से बीजेपी विधायक और पूर्व सांसद सुनील सोनी को साइबर ठगों ने धमकी दी है। ठगों ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) अधिकारी बताकर विधायक को फोन किया और कहा कि उनका मोबाइल नंबर पहलगाम (कश्मीर) में हुए आतंकी हमले के दौरान ट्रेस किया गया है। ठग ने विधायक को इस मामले में पूछताछ के लिए IB ऑफिस बुलाने की भी कोशिश की।
विधायक ने काटा फोन और दी पुलिस को सूचना- स्थिति संदिग्ध लगते ही विधायक सोनी ने तुरंत कॉल डिस्कनेक्ट किया और पूरी घटना की जानकारी रायपुर साइबर थाना तथा एसएसपी लाल उमेद सिंह को दी। निर्देश मिलने पर उन्होंने पूरा घटनाक्रम लिखित में साइबर सेल के अधिकारी मित्तल को भेजा। फिलहाल साइबर पुलिस टीम अब कॉल ट्रेसिंग और तकनीकी विश्लेषण कर मामले की जांच कर रही है।
विधायक सोनी की अपील: डरें नहीं, पुलिस को दें सूचना- इस घटना के बाद विधायक सुनील सोनी ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटना होने पर तुरंत थाने में सूचना दें । इस फ्रॉड से बचने का दूसरा कोई रास्ता नहीं है। ठग इस तरह बातचीत करते हैं कि लोग सोचने पर मजबूर हो जाते हैं, लेकिन डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस कार्रवाई करेगी।







