Home » नौकरी लगाने का दिया झांसा : मंत्री का रिश्तेदार बताकर तीन लोगों से 22.70 लाख रूपए की ठगी, पति-पत्नी सहित तीन पर अपराध दर्ज
छत्तीसगढ़ रायगढ़

नौकरी लगाने का दिया झांसा : मंत्री का रिश्तेदार बताकर तीन लोगों से 22.70 लाख रूपए की ठगी, पति-पत्नी सहित तीन पर अपराध दर्ज

रायगढ़ । नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी हुई है। खुद को मंत्री का रिश्तेदार बताकर तीन लोगों से 22.70 लाख रुपये से अधिक ठगे गए। पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

समारू राम टंडन ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 में रायपुर में कुमार राम ठाकुर और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई से मिले। कुमार राम ने खुद को मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताया। उसने मंत्रालय में अच्छी जान पहचान होने का दावा किया। सरकारी नौकरी लगवाने के लिए उसने अपना मोबाइल नंबर भी दिया।

पीड़ित ने अपने बेटे डीगेश कुमार का बायोडाटा भेजा। कुमार राम ने पांच लाख रुपये की मांग की। उसने अन्य उम्मीदवारों के बारे में भी पूछा। पीड़ित ने अपने भाई पिंटू लहरे, भतीजे राजेश साहू और लोकनाथ चौहान के बारे में बताया। सभी का बायोडाटा कुमार राम ठाकुर को भेजा गया।

कुमार राम ठाकुर के रायगढ़ आने पर पीड़ित ने उसे चार लाख रुपये दिए। शेष रकम ऑनलाइन माध्यम से नौ लाख बयानबे हजार पांच सौ रुपये भेजी गई। एक दिसंबर 2025 को कुमार राम ठाकुर ने उन्हें अपने गांव भद्ररसी बुलाया। वहां तीनों पीड़ित उसके घर पहुंचे। पूरी रकम लेने के बाद आरोपियों ने नियुक्ति पत्र दिखाए।

शेष रकम की मांग पर 08 दिसंबर 2025 को आठ लाख सतहत्तर हजार पांच सौ रुपये दिए गए। उम्मीदवारों को 12 दिसंबर 2025 तक डाटा ऑपरेटर पद पर जॉइनिंग का आश्वासन मिला। पर कुमार राम ठाकुर ने विधानसभा सत्र के कारण नियुक्ति रोकने की सूचना दी। बाद में रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने लौटाने से मना कर दिया। पीड़ितों को पता चला कि तीनों आरोपियों ने कुल 22.70 लाख रुपये की ठगी की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

Search

Archives