Home » हाथी शावक की मौत से हड़कंप, जनवरी माह से अब तक नौ की गई जान
छत्तीसगढ़ रायगढ़

हाथी शावक की मौत से हड़कंप, जनवरी माह से अब तक नौ की गई जान

रायगढ़। जिले में एक बार फिर से हाथी शावक की मौत की घटना सामने आई है। नदी पार करते समय शावक की मौत होने की बात कही जा रही है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम शव को नदी से बाहर निकलवाया।

मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ वन मंडल के खरसिया रेंज के अंतर्गत आने वाले गुरदा संगम नदी में गांव के ग्रामीणों में आज सुबह एक हाथी शावक के शव को पानी में देखा गया। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल की टीम को दी। नदी में हाथी शावक की लाश मिलने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकलवाते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से बारभौना और ऐडू के आसपास 50 से अधिक हाथियों का दल विचरण कर रहा है। संभवतः बीती रात हाथियों का दल पानी पीने गया होगा। इसी बीच घटना हुई होगी। फिलहाल, वन विभाग मामले की जांच में जुट गई है।

एक जानकारी के अनुसार जनवरी माह से आज दिनांक तक रायगढ़ जिले में अलग अलग घटना में अब तक नौ हाथी शावक की मौत हो चुकी है, जिसमें पानी में डूबकर मौत होने के अधिक मामले हैं। इतनी बड़ी संख्या में हाथी शावकों की मौत होना वन प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।

Search

Archives