Home » ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम अग्निकांड मामले में दो वनरक्षक सस्पेंड
छत्तीसगढ़

ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम अग्निकांड मामले में दो वनरक्षक सस्पेंड

बीजापुर।  ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में 25 मई 2026 को भीषण अग्निकांड हुआ। इस घटना में लगभग 6.77 करोड़ रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता जलकर नष्ट हो गया। वन विभाग ने पहली कार्रवाई करते हुए दो वनरक्षकों को निलंबित किया है।

जिला यूनियन बीजापुर की आठ प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 13 तेंदूपत्ता लॉट गोदाम में रखे थे। वनमंडलाधिकारी बीजापुर ने गोदाम सहायक सुनील बुरका को निलंबित कर दिया है। वनरक्षक कामेश्वर एनका के निलंबन का प्रस्ताव इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक को भेजा गया है।

वनक्षेत्रपाल और उपवनक्षेत्रपाल स्तर के गोदाम प्रभारियों पर कार्रवाई की अनुशंसा भी उच्च कार्यालय को भेजी गई है। विभाग ने नुकसान की भरपाई के लिए बीमा कंपनी से दावा प्रक्रिया शुरू की है। विभाग का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों के सवाल :  स्थानीय लोगों ने घटना के आठ दिन बाद भी बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विभाग छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रहा है। बड़े नियंत्रणकर्ता अधिकारियों और गोदाम प्रभारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। लोगों के अनुसार, घटना के तीसरे दिन ही डीएफओ को हटा दिया गया था। लेकिन आठ दिन बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जांच टीम भी मौके पर नहीं पहुंची है।

संग्राहकों को भुगतान का आश्वासन :  जिला यूनियन बीजापुर ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को भुगतान का आश्वासन दिया है। आगजनी की घटना से उनके पारिश्रमिक पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। सीजन 2026 में संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान मिलेगा। संग्रहित मात्रा की ऑनलाइन प्रविष्टि का कार्य चल रहा है। यह राशि सीधे संग्राहकों के बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से जमा की जाएगी।

Search

Archives