रायगढ़। जिले में साइबर और चक्रधर नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने पड़ोसी राज्य ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सवा 36 किलो गांजा और अन्य संपत्ति जब्त की गई है।
जब्त गांजा, कार और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से सफेद रंग की कार में अवैध गांजा लाया जा रहा है। इसे रायगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में खपाया जाना था।
पुलिस टीम ने बंगुरसिया ढाबा के पास नाकेबंदी की और संदिग्ध कार क्रमांक सीजी 13 एजेड 4603 को रोका। कार में डोल नारायण साहू, नीलकमल साव और आशीष कुमार सिंह सवार थे। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक बोरियों में कुल 36 किलो 170 ग्राम गांजा मिला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है।







