रायगढ़। चीतल का शिकार करने के मामले में पांच आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घटना रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर से तकरीबन 15 किलोमीटर दूर स्थित देलारी गांव में 16 अप्रैल की दोपहर पानी पीने पहुंचे एक चीतल पर कुत्तों के झुण्ड ने अचानक हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह चीतल को बचाया। इसके बाद बचाने वाले ग्रामीण हैवान बन गए और आत्माराम राठिया, मयाराम राठिया, हरिचरण साव, तरूण साव के अलावा मोतीलाल अगरिया ने उसी का शिकार कर लिया। आपस में मांस को बांट लिए।
इसके बाद वन विभाग की टीम को मुखबिर से घटना की सूचना मिली। ग्रामीणों के घरों में छापामार कार्रवाई की, जहां उनके घर से सब्जी जब्त कर ग्रामीणों से पूछताछ की तो उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। सभी पांचो आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 का उल्लंघन पाये जाने पर धारा 39, 50, 51 के तहत अपराध दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।







