कोरबा। जिले के लिए शासन ने बड़ी सौगात दी है। कोरबा को महिला थाना की सौगात दी गई है। केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व सभापति अशोक चावलानी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगम कमिशनर आशुतोष पाण्डेय, एसपी सिद्धार्थ तिवारी के आतिथ्य में सिविल लाईन थाना परिसर में महिला थाना आम जनता के लिए लोकार्पित किया गया।
महिला निरीक्षक भावना सिंह को अतिथियों ने नई थाना प्रभारी के रूप में शपथ दिलाई और अतिथियों ने उन्हें कुर्सी पर बिठाया। महिला थाना लोकार्पित होने के बाद अतिथियों ने पुलिस परिवार के उन होनहार बच्चों का सम्मान किया, जो सीबीएसई 10वीं एवं 12वीं बोर्ड में अच्छे अंक लाकर पुलिस परिवार, स्कूल एवं जिले का नाम रोशन किया। साथ ही गरमी के दिनों में आगजनी से बचाव एवं सायबर ठगी से सावधान रहने जागरूकता पाम्पलेट का विमोचन किया।
महिलाओं को मिलेगी राहत-लखन
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि अब पीड़ित महिलाएं सीधे महिला थाना में आकर अपनी समस्याएं बताएंगी और थाना में पूरा महिला स्टाफ होने से वे झिझकेंगी नहीं और खुलकर अपनी पीड़ा बता पाएंगी। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ सरकार महिला अपराध रोकने हर तरह के कदम उठा रही है और भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है और अपराध में कमी आई है।
महिलाओं के लिए अतिरिक्त सौगात है महिला थाना-सिद्धार्थ तिवारी
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन महिला सुरक्षा के प्रति संजीदा है। सभी थाना-चौकियों में महिला अपराध सहित सभी अपराधों पर त्वरित कार्यवाही करती है। महिला थाना कोरबा जिले के लिए अतिरिक्त सौगात है और इसमें पीड़ित महिलाएं खुलकर बयान दे सकती हैं। महिला थाना में पर्याप्त महिला बल तैनात किया गया है। महिलाओं को यहां काफी राहत मिलेगी। शासन ने कोरबा के लिए यह बड़ी सौगात दी है।
भावना सिंह बनी पहली महिला थाना प्रभारी
निरीक्षक भावना सिंह कोरबा का पहला महिला थाना की प्रभारी बनाईं गई हैं। मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन सहित सभी अतिथियों ने उन्हें बधाई देते हुए अपेक्षा की है कि वे महिला अपराध से संबंधित सभी मामलों के त्वरित कार्यवाही में पूर्ण निष्ठा के साथ कर्त्तव्य निर्वहन करेंगी।
वाटर कूलर की घोषणा
साधना न्यूज की कोरबा जिला हेड श्रीमती रेणु जायसवाल ने नव लोकार्पित महिला थाना परिसर में पेयजल की समस्या से मंत्री लखनलाल देवांगन को अवगत कराया। उन्होंने त्वरित महिला थाना भवन में आरओ सहित वाटर कूलर की घोषणा की और कहा कि दो-तीन दिन में थाना में वाटर कूलर लग जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पप्पू जैन, प्रफूल्ल तिवारी, मण्डल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, कमला किंडो, विष्णु यादव, विवेक मारकण्डे, श्रीमती नायक, श्रीमती मोदी, श्रीमती दुबे, आकाश श्रीवास्तव, भाजपा मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, राम त्रिपाठी, आर के तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।







