तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री थलपति विजय ने बड़ा आदेश दिया है। उन्होंने अपने चुनावी वादे के अनुसार राज्य में 717 शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। ये दुकानों धार्मिक स्थानों के साथ स्कूलों और बस स्टैंड के पास स्थित हैं। सीएम विजय ने इन्हें बंद करने को कहा है।
तमिलनाडु में शराब की बिक्री पूरी तरह से राज्य सरकार के कंट्रोल में है। तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) फिलहाल राज्य में 4765 शराब की दुकानों का संचालन करता है। पद संभालते ही CM विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वो ऐसी शराब दुकानों की पहचान करें, जो मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल, कॉलेज और बस स्टैंड के आसपास संचालित हो रहे हैं। सर्वे में ऐसी 717 शराब दुकानों का पता चला, इनमें से 276 शराब दुकानें धार्मिक स्थलों के पास, 186 दुकानें शैक्षणिक संस्थानों के करीब और 255 दुकानें बस स्टैंड्स के आसपास संचालित हो रही हैं। CM विजय ने 15 दिन के अंदर इन सबको बंद करने का आदेश दिया है।
CM विजय ने 10 मई को ली शपथ : मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने 10 मई को पद की शपथ ली। 4 मई को आए चुनाव नतीजों में उनकी पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। 234 सीटों की विधानसभा की 108 सीटें विजय की पार्टी ने जीती थी। नतीजों के जारी होते ही कांग्रेस ने अपनी पांच सीटों के साथ विजय को अपना समर्थन दे दिया था, लेकिन, 6 और विधायकों का बहुमत जुटाने में विजय को 5 दिन का वक्त लग गया।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही विजय ने ऐलान किया था कि वो झूठे वादे नहीं करेंगे और सोशल जस्टिस की दिशा में काम करेंगे। मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने 200 यूनिट तक मुफ्त में बिजली देने का ऐलान किया था। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में कदम उठाने की बात अपने पहले भाषण में की थी।







