Home » एयरपोर्ट पर जांच के दौरान यात्री की बंदूक से चली गोली, दो महिला कर्मी घायल
देश

एयरपोर्ट पर जांच के दौरान यात्री की बंदूक से चली गोली, दो महिला कर्मी घायल

Varanasi Airport। रविवार सुबह चेकिंग के दौरान बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में  लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत दो कर्मी घायल हो गए। दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय, पुत्र केदारनाथ राय, अपनी 50 वर्षीय पत्नी सुषमा राय के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके ट्रैवलिंग बैग में लाइसेंसी पिस्टल थी। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान बैग में पिस्टल मिलने के बाद उसकी जांच और कारतूस की गिनती की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से फायर हो गया।

गोली लगने से गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुमन कुमारी के दोनों पैरों की जांघ में गोली लगी। वहीं नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज के बाएं हाथ के अंगूठे में गोली लगी। दोनों एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के तुरंत बाद दोनों को उपचार के लिए न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल ले जाया गया।

फायरिंग की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, एसीपी पिंडरा-फूलपुर, थाना प्रभारी राजीव सिंह समेत पुलिस टीम एयरपोर्ट पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई।

प्रारंभिक जांच में पिस्टल यात्री के ट्रैवलिंग बैग में भूलवश रखे होने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चेकिंग के दौरान हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में कोई चूक हुई या नहीं। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में शांति व्यवस्था कायम रही। मामले की जांच जारी है।

Search