रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें नदी में हजारों गैस सिलिंडर बहते देखे गए। महाराष्ट्र में हो रही भारी बारिश के बीच इस वीडियो ने लोगों में कौतूहल जगा दिया है। दरअसल रायगढ़ में ,एचपीसीएल एचपीसीएल पातालगंगा एपीजी बॉटलिंग प्लांट स्थित है।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में इतनी बारिश हुई कि प्लांट की दीवार गिर गई। इसके बाद बाढ़ का पानी सीधे प्लांट के अंदर घुस गया और इसके कारण हजारों सिलिंडर बहकर पातालगंगा नदी और खारपाड़ा क्रीक में चले गए। इसी दौरान किसी ने नदी में बहते सिलिंडर का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
प्रशासन का कहना है कि नदी में बह रहे सिलिंडरों में से केवल कुछ में ही गैस भरी हो सकती है। रायगढ़ के कलेक्टर ने लोगों से अपील है कि अगर किसी को भी ये सिलिंडर मिले, तो तुरंत उसे संबंधित अधिकारियों या कंपनी को सौंप दें। कलेक्टर ने कहा कि इन सिलिंडरों को सीधे एचपीसीएल कंपनी में या किसी नजदीकी एचपीसीएल डीलर के पास जमा करवा दें।
इसके अलावा तहसीलदार कार्यालय या उप-विभागीय अधिकारी कार्यालय में भी इन्हें जमा करवाया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों के अपील की है कि इन सिलिंडरों को घर में न रखें और जल्द से जल्द कंपनी को सौंप दें। कलेक्टर ने कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि नदी में बह रहे सिलिंडर सुरक्षित हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि इनका इस्तेमाल करना, खोलना या घर ले जाना बेहद खतरनाक हो सकता है।







