नई दिल्ली। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश और झारखंड सहित 16 राज्यों में मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यूपी में वज्रपात में 16 लोगों की मौत
पश्चिम विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली। उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधी-पानी और वज्रपात से 16 लोगों की मौत हो गई। जिनमें बिहार में 10 लोगों की जान गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोगों समेत 10 झुलस गए।
पहाड़ों पर हुई ओलावृष्टि
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हिमपात, मैदानों में वर्षा और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
यूपी में देवरिया में वज्रपात की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उरई के कोटरा क्षेत्र में खेत में मवेशी चरा रहे 32 वर्षीय गोविंद की मौत हो गई। अलीगढ़ में आंधी के दौरान सीमेंट फैक्ट्री के एक सिक्योरिटी गार्ड की बैरियर गिरने से जान चली गई, जबकि बरेली में तेज आंधी के दौरान सोलर पैनल गिरने से घायल व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बिहार में वज्रपात में कई मौत
बिहार में जान गंवाने वालों में खगड़िया जिले के पांच, मधेपुरा में दंपती और भागलपुर, सहरसा, भोजपुर एवं जमुई के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। सरस्वती नगर गांव में वज्रपात से खेत में काम कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 10 लोग झुलस गए, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मधेपुरा जिले के परेल गांव में वज्रपात की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे शंभू मंडल व उनकी पत्नी कविता देवी की मृत्यु हो गई। भोजपुर जिले के कौंरा गांव में तेज आंधी और वर्षा के दौरान टिन शेड उड़कर अंगूरा देवी के ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।







