Home » सलवा जुडूम के नेता मधुकर राव की हार्टअटैक से मौत
देश

सलवा जुडूम के नेता मधुकर राव की हार्टअटैक से मौत

बीजापुर। सलवा जुडूम के नेता मधुकर राव की दो दिन पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई। तेलंगाना के वारंगल के अस्पताल में ईलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार मंगलवार की सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें बीजापुर अस्पताल में ईलाज के लिए भर्ती कराया गया था। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे वारंगल रेफर किया गया, जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार की देर रात उनका पार्थिव शव कुटरू लाया गया। बुधवार दोपहर उनके गृह गांव में ही शव का अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें कि मधुकर राव सलवा जुडूम के प्रमुख नेता थे। नक्सलियों के खिलाफ उन्होंने लोगों को खड़ा किया था। नक्सलियों के जुल्म से लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए इन्होंने लड़ाई लड़ी थी। हालांकि, माओवादियों ने कई बार इन्हें जान से मारने की भी कोशिश की थी लेकिन असफल रहे थे। इनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि, मधुकर राव किसी भी राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़े थे। वे समाज सेवक के रूप में जिले में काम कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार सलवा जुडूम के दौर में नक्सलियों ने मधुकर राव को मारने की पूरी रणनीति बनाई थी। करीब 200 नक्सलियों ने गांव को चारों ओर से घेर लिया था। इसके बाद भी नक्सली अपने मिशन में कामयाब नहीं हो सके थे। उन्होंने बताया कि मधुकर राव अपने घर की बजाए पुलिस थाना में सोते थे इसका कारण भी यही था कि वे जान चुके थे कि मौका मिलने पर नक्सली उसे मौत के घाट उतार देंगे।
चलाते थे आश्रम : मधुकर राव ने नक्सल हिंसा पीड़ित अनाथ बच्चों के पालन पोषण करने के लिए साल 2008 में अनाथालय खोला था और इस अनाथालय को अपने खर्च पर ही चलाते थे। हालांकि अब प्रशासन का सहयोग जरूर मिलता है। अनाथालय में करीब 50 बालक हैं। कुटरू से जैसे-जैसे नक्सली थोड़े बैकफुट हुए तो मधुकर राव अनाथालय में ही बच्चों के साथ रहने लगे थे, हालांकि, उन्हें प्रोटेक्शन भी प्रदान किया गया था।

Search

Archives