Home » पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से दिल्ली में सियासी संग्राम
दिल्ली-एनसीआर देश

पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से दिल्ली में सियासी संग्राम

नईदिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई के बाद बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है।

आम आदमी पार्टी यानी आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई आप नेताओं ने गिरफ्तारी का विरोध किया। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-सत्येन्द्र जैन जी को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा। आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं। इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ऩा की भरपाई कौन करेगा?

बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है। ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है। पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है। वहीं, दिल्ली सरकार के डिप्टी सीएम परवेश साहिब सिंह ने अपने पोस्ट में कहा कि सत्ता जवाबदेही को टाल सकती है, लेकिन उसे खत्म नहीं कर सकती। दिल्ली जल बोर्ड की एसटीपी टेंडर प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं के मामले में अब पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी हुई है।

उन्होंने कहा कि कुर्सी बदल सकती है, लेकिन फाइलें बनी रहती हैं। वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि आम आदमी पार्टी ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ के नारे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन अब वह सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गई है। उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक, शराब के निजीकरण और अन्य मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने भ्रष्टाचार के नए तरीके खोजे। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन अरविंद केजरीवाल के काफी करीबी रहे हैं और पहले भी जेल जा चुके हैं। उदित राज ने कहा कि संभव है कि किसी इनपुट के आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई हो।

Search

Archives