नई दिल्ली। दिल्ली में सीएनजी पंप पर धमाका हुआ है। घटना टिकरी कलां में घटी है। मिली जानकारी के मुताबिक, CNG भरते समय ये हादसा हुआ है। घटना में 3 लोगों की मौत हो गई है और 3 लोग घायल हैं। तीनों मृतक CNG पंप पर काम करने वाले कर्मचारी हैं।
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार बुधवार को दिल्ली के टिकरी कलां में एक CNG स्टेशन पर ट्रक में गैस भरते समय उसका टैंक फट गया, जिससे कम से कम 6 लोग घायल हो गए और इलाके में अफरातफरी मच गई। बाद में ये जानकारी सामने आई कि इनमें से 3 लोगों की मौत हो गई है।
फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि धमाके में पास खड़े छह लोग घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर 3:37 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद छह दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अधिकारी ने बताया कि घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि धमाके की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच चल रही है। इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। अधिकारी ने बताया कि फायर सर्विस के कर्मचारियों ने मौके पर ज़रूरी सावधानी बरती और स्थिति को काबू में किया।







