Home » पुणे में जहरीली शराब का कहर, 08 लोगों की मौत से हड़कंप
देश

पुणे में जहरीली शराब का कहर, 08 लोगों की मौत से हड़कंप

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से पांच मौतें पिंपरी-चिंचवाड़ के फुगेवाड़ी इलाके में और तीन पुणे शहर के हडपसर इलाके में हुई हैं। इस घटना के बाद पुणे शहर और पिंपरी-चिंचवाड़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुणे के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने योगेश वानखेड़े नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ़्तार किया है, जिसे पहले पुणे राज्य आबकारी विभाग ने हिरासत में लिया था। आरोप है कि इसी व्यक्ति ने दोनों जगहों पर शराब की सप्लाई की थी। आगे की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि यह जहरीली और स्पिरिट मिलाकर बनाई गई शराब योगेश वानखेडे नाम के व्यक्ति ने तैयार की थी। उसने इस शराब को पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के कई इलाकों में बेचा था। शराब पीने के बाद लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और उनकी तबीयत तेजी से खराब होने लगी। कई लोगों की इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी योगेश वानखेडे अवैध शराब बेचने का काम करता था और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि जहरीली शराब में किन-किन चीजों का इस्तेमाल किया गया था। घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध शराब की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Search

Archives