नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बाद दुनियाभर के देशों की यात्रा करने वाले बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मंगलवार को मिलेंगे। सूत्रों के मुताबिक सदस्य प्रधानमंत्री के साथ अपनी प्रतिक्रिया साझा करेंगे। पूर्व सांसद और पूर्व राजनयिक भी इन प्रतिनिधिमंडलों का हिस्सा थे, जिन्होंने 33 विदेशी राजधानियों और यूरोपीय संघ का दौरा किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी भी पीएम मोदी द्वारा बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होंगे।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में मई के अंत में जापान और कई अन्य एशियाई देशों का दौरा किया था। टीएमसी के एक वरिष्ठ नेता ने बैठक में बनर्जी की भागीदारी की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘हां, वह बैठक में भाग लेंगे और अपनी प्रतिक्रिया साझा करेंगे।’
प्रतिनिधिमंडलों से मिल चुके विदेश मंत्री एस जयशंकर- विदेश मंत्री एस जयशंकर पहले ही प्रतिनिधिमंडलों से मिल चुके हैं और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत रुख से अवगत कराने में उनके प्रयासों की प्रशंसा की है। चार प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व सत्तारूढ़ गठबंधन के सांसदों ने किया, जिनमें भाजपा के दो, जद (यू) के एक और शिवसेना के एक सांसद शामिल थे। वहीं तीन प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व विपक्षी सांसदों ने किया, जिनमें कांग्रेस, द्रमुक और एनसीपी (एसपी) के एक-एक सांसद शामिल थे।







