कांगड़ा। एक कहावत है देने वाला जब भी देता, देता छप्पर फाड़ के, यह कहावत इस टैक्सी चलाने वाले व्यक्ति पर फिट खाता नजर आ रहा है। दरअसल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक टैक्सी चालक की जिंदगी में अचानक बहार आ गई, उसने 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीत ली। जो व्यक्ति अब तक परिवार का खर्च चलाने के लिए दिन-रात मेहनत करता था और कई बार दिहाड़ी मजदूरी करने को मजबूर हो जाता था, वह आज करोड़पति बन चुका है।
फतेहपुर तहसील के रहने वाले कल्याण चंद पिछले करीब 20 वर्षों से टैक्सी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। हाल ही में वह एक सवारी को छोड़ने के लिए पंजाब के बठिंडा गए थे। काम खत्म होने के बाद उन्होंने 500-500 रुपये की दो लॉटरी टिकटें खरीद लीं। उन्हें क्या पता था कि यही दो टिकटें उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा बन जाएंगी।
परिवार के भविष्य को मिली नई दिशा : संघर्ष से सफलता तक का सफर कल्याण चंद की मासिक आय मुश्किल से 15 से 16 हजार रुपये तक पहुंच पाती थी। बढ़ती महंगाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उन्हें कई बार अतिरिक्त कमाई के लिए मजदूरी भी करनी पड़ती थी। लेकिन अब इस बड़ी जीत ने उनके और उनके परिवार के भविष्य को नई दिशा दे दी है। यह कहानी इस बात का उदाहरण है कि मेहनत करने वालों की जिंदगी में कभी-कभी किस्मत भी ऐसा साथ देती है, जो उनके सपनों को हकीकत में बदल देता है। आज कल्याण चंद की सफलता की चर्चा पूरे हिमाचल प्रदेश में हो रही है और हर कोई उनकी इस अविश्वसनीय किस्मत की कहानी सुनकर हैरान है।







