सूरत। गुजरात के सूरत में 32 करोड़ के हीरा चोरी मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। कंपनी का मालिक देवेंद्र कुमार चौधरी ही मास्टरमाइंड निकला है। उसने इंश्योरेंस की रकम हड़पने के लिए साजिश रची थी। देवेंद्र ने इस साजिश में अपने दोनों बेटों, ड्राइवर और उसके दो साथियों को शामिल किया था। कापोद्रा पुलिस और सूरत क्राइम ब्रांच ने मिलकर इस फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया।
सूरत पुलिस के मुताबिक डीके एंड संस डायमंड कंपनी के मालिक देवेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि उस पर कर्जा बढ़ गया था। इसी वजह से उसने हीरे चोरी की साजिश रची। ड्राइवर और उसके दो साथियों से 10 लाख रूपए में डील की। एडवांस में 5 लाख रूपए भी दिए थे।
सूरत के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बुधवार को खुलासा करते हुए कहा कि यह तथाकथित चोरी एक बड़े बीमा घोटाले से ज़्यादा कुछ नहीं है, जिसकी साजिश हीरा कंपनी के मालिक ने ही रची थी। डीके संस एंड कंपनी के मालिक देवेंद्र कुमार चौधरी नाम के आरोपी ने 18 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कार्यालय से 32.47 करोड़ मूल्य के 1.12 लाख कैरेट हीरे और 5 लाख नकद चोरी हो गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अपराधियों ने सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर लेकर सबूत नष्ट कर दिए। हालांकि, गहन पुलिस जांच से पता चला कि कोई चोरी नहीं हुई थी और “पीड़ित” ही इसका मास्टरमाइंड था।







