ओडिशा /बलांगीर। बलांगीर जिले के तेंतुलीखुंटी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने नशे की हालत में जिंदा कोबरा सांप को खा लिया। जानकारी के मुताबिक नशे में धुत युवक ने कोबरा सांप को मुंह में डाल लिया और उसे चबाने लगा। बताया जा रहा है कि उसने सांप को कई टुकड़ों में तोड़कर निगल लिया।
यह घटना उस वक्त हुई जब युवक पूरी तरह नशे की हालत में था। जब उसके परिवार वालों ने उसे देखा तो उसकी हालत बहुत गंभीर थी। तुरंत ही उसे इलाज के लिए भीमभोई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। युवक की हालत फिलहाल बेहद नाज़ुक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। जिंदा सांप को निगलने से उसके शरीर में जहर फैलने की आशंका जताई जा रही है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
मामले की जांच की जा रही है कि आखिर युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया। क्या यह महज शराब के नशे में किया गया खतरनाक काम था, या इसके पीछे कोई और वजह है , यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। डॉक्टर लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।







