Home » तेज रफ्तार पिकअप पुल की रेलिंग से टकराई, पांच की मौत, चालक जख्मी
देश

तेज रफ्तार पिकअप पुल की रेलिंग से टकराई, पांच की मौत, चालक जख्मी

मंडी। आईआईटी मंडी के साथ लगते कंमाद में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। तीन मृतकों की पहचान हो गई है जबकि दो का पता पुलिस लगा रही है। मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी लुधियाना, उमेश कुमार जीटी रोड प्रतापनगर अमृतसर और सागर निवासी गांव व डाकघर फिरोजपुर जिला अमृतसर के रूप में हुई है।

गाड़ी चालक गुरजीत सिंह गांव मलिया जिला तरनतारण हादसे में जख्मी है। हादसा कंमाद पुल पर सुबह पौने नौ बजे हुआ। उक्त लोग पंजाब के अमृतसर से टेंट का सामान लेकर कंमाद आईटीआई मंडी आ रहे थे। चार लोग पिकअप के ऊपर बैठे थे जबकि एक व्यक्ति चालक के साथ बैठा था। कंमाद में उतराई के बाद चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पुल की रेलिंग से टकरा गई। इससे पिकअप के ऊपर बैठे चार लोग करीब 100 मीटर हवा में उछलते हुए नीचे उहल नदी के किनारे पत्थरों पर गिरे। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। पिकअप परिचालक की तरफ वाली साइड से रेलिंग से टकराई। इस कारण चालक के साथ बैठा व्यक्ति भी नीचे गिर गया और उसकी भी मौत हो गई। गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरस्पीड माना जा रहा है।

वहीं, हादसे के बाद कंमाद 108 एंबुलेंस कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उन्हें जोनल अस्पताल पहुंचाया। जख्मी चालक गुरजीत भी जोनल अस्पताल में भर्ती है। उसने बताया कि हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ है। एसएचओ पद्धर सौरभ ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सभी मृतक पंजाब के रहने वाले हैं और दिहाड़ी पर सामान लगाने कंमाद आए थे। फिलहाल मृतकों के परिजनों को बुलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला मंडी के पधर में कमांद के निकट हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ज़िला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायल को बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

Search