Home » अमरनाथ यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 30 तीर्थयात्री घायल, सेना ने चलाया बचाव अभियान
देश

अमरनाथ यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 30 तीर्थयात्री घायल, सेना ने चलाया बचाव अभियान

गांदरबल। मंगलवार को मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के गुंड इलाके में हरिगनीवान के S-मोड के पास, करीब 40 तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे लगभग 30 अमरनाथ यात्री घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी इस हादसे का संज्ञान लिया है।

बताया जा रहा है कि गांदरबल में यह हादसा तब हुआ जब गाड़ी खतरनाक रास्ते पर बेकाबू हो गई और बस सड़क से फिसल कर एक मकान पर जा गिरी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, ITBP, CRPF, सेना और स्थानीय लोगों ने तेजी से बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और अब सभी की हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि हादसे में ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कब तक चलेगी अमरनाथ यात्रा?

अमरनाथ यात्रा की शुरुआत दो जुलाई से हुई थी। ये यात्रा 28 अगस्त तक यानी कुल मिलाकर 57 दिनों तक चलेगी। जानकारी के अनुसार, अब तक 4.15 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।  बता दें कि अमरनाथ गुफा जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। अमरनाथ यात्रा अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम रूट और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे, लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल रूट से एक साथ शुरू होती है।

Search

Archives