Home » पंजाबी गायिका इंदर कौर की हत्या मामले में बड़ा खुलासा, कनाडा से आया था ‘आशिक’
देश

पंजाबी गायिका इंदर कौर की हत्या मामले में बड़ा खुलासा, कनाडा से आया था ‘आशिक’

Punjabi Singer Inder Kaur Murder News : मशहूर पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर की निर्मम हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। एकतरफा प्यार में NRI (‘Non-Resident Indian’ ) युवक ने पंजाबी गायिका इंदर कौर की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी विदेश फरार हो गया। छह दिन से लापता गायिका इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले में हत्या और अपहरण की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों कर्मजीत सिंह और प्रीतम सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इंदर कौर की हत्या उसके प्रेमी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा ने की। आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देकर कनाडा फरार हो गया। परिवार का आरोप है कि सुखविंदर सिंह ने खुद को अविवाहित बताया था। बाद में इंदर कौर को पता चला कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद गायिका ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था।

जांच में सामने आया है कि सुखविंदर सिंह 29 अप्रैल को कनाडा से नेपाल के काठमांडू पहुंचा था और वहां से भारत आया। पुलिस के मुताबिक, वह पहले से ही हत्या की योजना बनाकर आया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रात फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उसने पहले से कनाडा लौटने की फ्लाइट टिकट भी बुक कर रखी थी। पुलिस ने आरोपी के पिता प्रीतम सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।

एसीपी इंदरजीत सिंह ने बताया कि सुखविंदर सिंह के पास दो लाइसेंसी हथियार हैं। पुलिस को शक है कि हत्या इन्हीं हथियारों में से किसी एक से की गई है। फिलहाल हथियारों की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लुधियाना के मुंडियां कलां इलाके की रहने वाली इंदर कौर पंजाबी संगीत जगत में तेजी से पहचान बना रही थीं। वह गायकी के साथ-साथ बुटीक का व्यवसाय भी चलाती थीं। उन्होंने 40 से अधिक पंजाबी गानों में अपनी आवाज दी थी और कई पंजाबी फिल्मों में भी उनके गीत शामिल रहे हैं।

Search

Archives