Home » सेना ने कुपवाड़ा में आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया, भारी मात्रा में हथियार बरामद
देश

सेना ने कुपवाड़ा में आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया, भारी मात्रा में हथियार बरामद

श्रीनगर। भारतीय सेना और हंदवाड़ा पुलिस ने कुपवाड़ा के हफरुदा जंगल में संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया। सेना के जवानों ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर के हफरूदा (कुपवाड़ा) में आतंकियों के एक ठिकाने से हथियार व अन्य साजो सामान बरामद किया है। जवानों ने आतंकी ठिकाने का भी नष्ट कर दिया है।

यहां मिली जानकारी के अनुसार यह आतंकी ठिकाना हफरुदा के द्रुड जंगल में बना हुआ था। यह इलाका गुलाम जम्मू-कश्मीर की तरफ से घुसपैठ करने वाले आतंकियों द्वारा घाटी के भीतरी इलाकों में जाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

सेना की 02 राजपूत यूनिट के जवानों ने आज सुबह द्रुड में एक विशेष सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान उन्होंने जंगल में एक जगह बने भूमिगत आतंकी ठिकाने का पता लगाया। उन्होंने वहां से एक आरपीजी और आरपीजी ग्रेनेड के अलावा एक एसाल्ट राइफल, एक पिस्तौल व अन्य साजो सामान बरामद किया है। समझा जा रहा है कि आतंकियों ने सुरक्षाबलों को आते देख लिया हो और वह वहां से भाग निकले हों।

संबधित अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने बाद में आतंकी ठिकाने को नष्ट कर दिया। अलबत्ता, उन्होंने जंगल में आतंकियों के छिपे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी रखा हुआ है।

Search

Archives