Home » पुलवामा हमले की बरसी : जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट, बस्तियों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात
देश

पुलवामा हमले की बरसी : जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट, बस्तियों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात

श्रीनगर। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी के मद्देनजर पूरे जम्मू-कश्मीर में विशेषकर घाटी और उच्चपर्वतीय इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। श्रीनगर के भीतरी इलाकों समेत पूरी वादी में सुरक्षाबलों द्वारा औचक तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। सभी अल्पसंख्यक बस्तियों और प्रवासी श्रमिकों की आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया है। इस बीच, महानिदेशक सीआरपीएफ शनिवार को पुलवामा हमले में बलिदानी जवानों को लेथपोरा पुलवामा में हुए समारोह में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

बता दें कि 14 फरवरी 2019 को जैश-ए-मोहम्मद के स्थानीय आत्मघाती ने श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेथपोरा पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर विस्फोटकों से लैस एक कार के साथ हमला किया था। हमले में 40 सीआरपीएफ कर्मी बलिदानी हुए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान में जैश व अन्य आतंक संगठनों के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसे बालाकोट स्ट्राइक भी कहते हैं।

सूत्रों ने पुलवामा हमले की बरसी के मद्देनजर आतंकी इस समय पूरी तरह हताश हैं। वे अपनी उपस्थिति का अहसास कराने के लिए 14 फरवरी को कोई वारदात कर सकते हैं। सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर व आतंकी संगठनों के आका पूरी कोशिश करेंगे कि कश्मीर में कोई ऐसी वारदात की जाए, जिससे उन्हें उनके एजेंडे में लाभ हो और उनके कैडर का हौसला बढ़े। इसके लिए वह किसी भी चूक का लाभ उठाने की कोशिश करेंगे।

Search

Archives