सांगली। महाराष्ट्र के सांगली में बारिश के कारण मंदिर की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब इलाके में लगातार तेज बारिश और आंधी का दौर जारी था। अचानक मंदिर की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने के काम में जुटी रहीं। अधिकारियों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।







