हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति के पांगी-उदयपुर मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ। यहां एक टाटा सूमो गाड़ी के ऊपर चट्टान गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हुए हैं। लाहौल स्पीति पुलिस ने हादसे की पुष्टि की है। फिलहाल, लाहौल स्पीति पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई है। जानकारी के अनुसार, लाहौल घाटी से करीब 60-70 किमी दूर कुडूनाला के पास यह घटना हुई। चलती टाटा सूमो पर पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गिर गई। मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में निकाला गया है। जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए लोग चंबा के रहने वाले थे।
सड़क खुलने के बाद रवाना हुए थे यात्री : उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।







