Home » होटल में पति पर पत्नी ने ब्लेड से किया हमला: विवाद के बाद नर्स फरार, युवक अस्पताल में भर्ती
मध्यप्रदेश

होटल में पति पर पत्नी ने ब्लेड से किया हमला: विवाद के बाद नर्स फरार, युवक अस्पताल में भर्ती

भोपाल। भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक होटल में ठहरे दंपती के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नाराज पत्नी ने पति पर ब्लेड से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गई। हमले में घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय ललित राजपूत, पिता हाकम सिंह, पिपलानी के गोपाल नगर का निवासी है और पुणे की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है। उसकी पहचान खंडवा निवासी देनंदनी तोमर से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। देनंदनी शाजापुर जिला अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है।

कराया था दुष्कर्म का केस, समझौते के बाद शादी

दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और बाद में कुछ समय तक लिव-इन रिलेशन में भी रहे। इसी दौरान शादी को लेकर विवाद होने पर देनंदनी ने ललित के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ और मई 2025 में आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली गई।

साथ रहने को लेकर चल रहा था विवाद

वर्तमान में ललित भोपाल में रह रहा है, जबकि देनंदनी शाजापुर में नौकरी कर रही है। दोनों के बीच साथ रहने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ललित का कहना है कि उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती, जबकि देनंदनी का आरोप है कि पति उसे अपने साथ रखने से बच रहा है।

सुबह होते ही हमला कर दिया

रात में दोनों के बीच कहासुनी हुई। रविवार सुबह करीब सात बजे जब ललित की नींद खुली, तब नाराज देनंदनी ने ब्लेड से उसके हाथ और पेट पर हमला कर दिया। बचने के लिए ललित बाथरूम में छिप गया, लेकिन पत्नी वहां भी पहुंच गई और कांच का ग्लास सिर पर मारकर उसे घायल कर दिया। बाद में ललित अस्पताल में भर्ती हुआ और पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

Search

Archives