Home » भूख लगी तो बीच रास्ते में रोक दी ट्रेन, समोसा खरीदने चला गया लोको पायलट
मध्यप्रदेश

भूख लगी तो बीच रास्ते में रोक दी ट्रेन, समोसा खरीदने चला गया लोको पायलट

10 मिनट तक खड़ी रही गाड़ी

इंदौर। इंदौर-महू रेल मार्ग पर एक मालगाड़ी के लोको पायलट द्वारा ट्रेन रोककर समोसा खरीदने का मामला सामने आया है। लोको पायलट का समोसे खरीदकर ट्रेन में वापस बैठने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में दावा किया जा रहा है कि महू से राऊ के बीच लोको पायलट ने एक रेलवे ब्रिज के ऊपर समोसे खरीदने के लिए ट्रेन को रोका। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि लोको पायलट ने ट्रेन को रोका और ब्रिज से नीचे उतरकर दुकान से समोसे खरीदने के बाद हाथ में थैली लेकर वापस ट्रेन में चढ़ते हुए दिखाई दिए। इस नजारे को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई।

10 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही मालगाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताया जा रहा है कि इस दौरान ट्रेन रेलवे ट्रैक पर करीब 10 मिनट तक ट्रैक पर ही खड़ी रही। स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

रेल प्रशासन ने क्या कहा?

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार वीडियो में स्थान की पहचान नहीं हो पा रही है। ट्रैक पर रोकने वाली यात्री ट्रेन नहीं, मालगाड़ी है। संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को वीडियो व इंटरनेट मीडिया की लिंक भेज दी है। विभाग द्वारा जांच की जाएगी। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। यदि इंजन या डिब्बों में कोई परेशानी आती है तो ट्रेन रोक सकते हैं, लेकिन बिना कारण कोई भी लोको पायलट ट्रेन को छोड़कर नहीं जा सकता है।

Search

Archives