Home » गुना से सनसनीखेज मामला: गर्भवती पत्नी को आठ लाख रुपये में बेचने का आरोप
मध्यप्रदेश

गुना से सनसनीखेज मामला: गर्भवती पत्नी को आठ लाख रुपये में बेचने का आरोप

पति ने एसपी से लगाई गुहार

गुना। पति द्वारा अपनी पत्नी को आठ लाख रुपये में बेचने की शिकायत जनसुनवाई में एसपी से की गई है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी को विदिशा जिले में बेचा गया है। जनसुनवाई में एसपी कार्यालय पहुंचे राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बंदरगड़ा निवासी जितेंद्र उर्फ जीतु बंजारा ने अपनी मां और अन्य स्वजनों के साथ पुलिस अधीक्षक शिकायत शाखा में शिकायती आवेदन दिया।

प्रार्थी ने शिकायत में बताया कि अटा-सटा प्रथा के तहत उसकी शादी घूंघरी पहाड़ी निवासी गंगाराम की बेटी बतूल बाई के साथ हुई थी। इस शादी के बदले जितेंद्र की बहन की शादी गंगाराम के लड़क़े के साथ तय हुई थी। चूंकि जितेंद्र की बहन नाबालिक है, इसलिए उसकी विदाई नहीं की गई। इसी बात से नाराज होकर करीब तीन महीने पहले ससुर गंगाराम अपनी बेटी बतूल बाई को गेहूं काटने के बहाने मायके ले गया। जब जितेंद्र एक महीने पहले अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया, तो ससुर, साले आदि ससुरालजन ने बेटी को भेजने से मना कर दिया और शर्त रखी कि पहले अपनी बहन को विदा करो। जितेंद्र ने आरोप लगाया कि उसका एक तीन वर्ष का बेटा भी है और उसकी पत्नी को पांच माह का गर्भ है। ससुरालजन ने उसकी पत्नी को विदिशा जिले में किसी अन्य व्यक्ति को आठ लाख रुपये में बेच दिया है। मामले को लेकर समाज की पंचायत भी बुलाई थी, लेकिन उसकी पत्नी को वापस नहीं भेजा गया।

युवक ने एसपी से गुहार लगाई है कि उसकी पत्नी को वापस लाया जाए और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। इधर मामले में राघौगढ़ एसडीओपी दीपा डोडवे ने बताया कि आवेदक सीधी एसपी कार्यालय शिकायत लेकर पहुंचे। राघौगढ़ थाने में नहीं आए। आवेदकों को राघौगढ़ थाना लाकर पूरे मामले को समझकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives