अनूपपुर। अनूपपुर जिले के चचाई स्थित अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई में सोमवार की रात सिलेंडर में ब्लास्ट होने से दो मजदूर झुलस गए। दोनों मजदूरों को जिला अस्पताल अनूपपुर के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन के उपर लापरवाही बरतने का आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई के सीएचपी मेंटेनेंस विभाग में हुई है। रात करीब 10 बजे की घटना है। सिलेंडर ब्लास्ट हो जाने से वहां मौजूद दो मजदूर प्रवीण पिता भुवनेश्वर गुप्ता 39 वर्ष निवासी बरगंवा थाना चचाई और रामनरेश पिता भोला प्रसाद पटेल 40 वर्ष निवासी चचाई कॉलोनी परिसर शामिल हैं। यह मजदूर सीएचपी मेटेनेंस में वेल्डिंग का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर कामर्शियल सिलेंडर रखा हुआ था, जो संभवतः लीकेज था, उसी जगह पर सिगड़ी चल रही थी। इस स्थान पर मजदूर रहते थे और काम करतेे थे, जो छोटा सा स्टोर रूम था। बताया कि रात में मच्छरों को भगाने के लिए सिगड़ी जलाकर धुआं किया जाता था। जहां पर यह ब्लास्ट हुआ उस जगह को भी बहुत नुकसान पहुंचा है। तेज आवाज होने के बाद आसपास रहने वाले और मजदूर वहां पहुंचे इसके बाद संबंधित विभाग के ठेकेदार और अधिकारियों को सूचना दी गई। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल अनूपपुर रात करीब 10.30 बजे पहुंचाया गया।







