ग्वालियर। युवा वकील ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का आरोप है कि वकील मुरैना में तैनात महिला SI के साथ पांच साल लिव इन में था और 30 दिसंबर को दोनों शादी करने वाले थे। लेकिन शुक्रवार की रात वकील ने मुरैना में महिला SI के कमरे में एक सिपाही को आपत्तिजनक हालत में देखा, जिसके बाद झगड़ा हुआ और रविवार रात को वकील ने मौत को गले लगा लिया। आत्महत्या से पहले युवक ने युवती के साथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। पोस्ट पर लिखा- प्रेम में मुक्ति नहीं मृत्यु है।
मां ने बताया कि मृत्युंजय ने पिछले दिन उन्हें फोन कर बताया कि उसके साथ बड़ा धोखा हुआ है। मृत्युंजय ने बताया कि महिला SI को सरप्राइज देने के लिए वह शुक्रवार रात मुरैना उसके क्वार्टर पहुंच गया। वहां कमरे में महिला SI के अलावा आरक्षक भी था। कमरे में शराब की बदबू भी आ रही थी। जब उसने आरक्षक को फटकारा तो विवाद हुआ। इसमें आरक्षक और उसके बीच मारपीट भी हुई। महिला SI ने आरक्षक को भगा दिया। इस घटना के बाद से मृत्युंजय दुखी था, मां ने उसे काफी समझाइश दी, लेकिन बेटे ने आखिर में खुदकुशी कर ली।
गोले का मंदिर पुलिस ने मृत्युंजय के कमरे की तलाशी ली, साथ ही फोरेंसिक एक्सपर्ट ने शव और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को पीएम के लिए रवाना किया। पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल सहित अन्य तथ्यों के आधार पर इस मामले की विवेचना की जाएगी।







