Home » कलेक्टर और विधायक के बीच बवाल
मध्यप्रदेश

कलेक्टर और विधायक के बीच बवाल

भिंड। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा के बीच बुधवार को जिला मुख्यालय पर कलेक्टर बंगले में बवाल हो गया। विधायक अपने समर्थकों के साथ कलेक्टर के बंगले पर पहुंचे थे और किसानों को खाद मिलने में परेशानी का मुद्दा उठाया।

कलेक्टर ने उंगली दिखाई, विधायक ने मुक्का तान दिया

विधायक और उनके समर्थक बाहर नारेबाजी करते रहे, फिर विधायक ने समर्थकों के साथ मिलकर कलेक्टर के बंगले के दरवाजे को जोरदार धक्का देकर खोल दिया। कलेक्टर ने विधायक को उंगली दिखा दी, जिससे विधायक आग बबूला हो गए और कलेक्टर को मारने के लिए मुक्का तान लिया। सुरक्षा कर्मियों ने बीच बचाव कर दिया।

दोनों के बीच बहसबाजी

कलेक्टर ने विधायक से कह दिया, “चोरी नहीं चलने दूंगा।” विधायक ने भी आवेश में आकर कह दिया, “सबसे बड़ा चोर तो तू है।” विधायक के समर्थकों ने “भिंड कलेक्टर चोर” के नारे लगाना शुरू कर दिए।

प्रभारी मंत्री ने विधायक से बात की

हंगामे की खबर जैसे ही पुलिस अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को लगी, तो एडीएम एलके पांडे समेत पुलिस के अन्य अधिकारी कलेक्टर बंगले पर पहुंच गए। प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने खुद विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा से बात की, जिसके बाद विधायक का गुस्सा शांत हुआ और वह कलेक्टर बंगले से वापस चले गए।

विधायक का आरोप

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि किसानों को खाद मिलने में परेशानी हो रही है, पर्याप्त खाद उपलब्ध है, लेकिन वितरण व्यवस्था सही नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री से बात हो गई है और जल्द ही समस्या का समाधान होगा।

Search

Archives