Home » इंदौर में सभी मृतकों के घर जाने पर अड़े राहुल गांधी, प्रशासन का अनुमति से इनकार
मध्यप्रदेश

इंदौर में सभी मृतकों के घर जाने पर अड़े राहुल गांधी, प्रशासन का अनुमति से इनकार

इंदौर। दूषित पेयजल प्रभावित इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में 17 जनवरी को प्रस्तावित कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम गुरुवार देर शाम तक तय नहीं हो सका। दरअसल, राहुल गांधी भागीरथपुरा में उन सभी मृतकों के घर जाकर स्वजन से मुलाकात करने पर अड़े हैं, जिनकी मौत के लिए दूषित पानी को कारण माना जा रहा है, लेकिन इंदौर प्रशासन ने सुरक्षा का हवाला देकर इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया है। प्रशासन के अधिकारियों ने राहुल से किसी एक स्थान पर पीड़ित परिवारों से मुलाकात कराने का सुझाव दिया है, लेकिन इस पर सहमति नहीं बनी है।

दिल्ली से राहुल गांधी के प्रतिनिधि सुशांत मिश्रा भागीरथपुरा पहुंचे

गुरुवार दोपहर दिल्ली से राहुल गांधी के दफ्तर के प्रतिनिधि सुशांत मिश्रा भागीरथपुरा पहुंचे। स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ उन्होंने क्षेत्र का दौरा किया। किन-किन घरों में मौतें हुई हैं, इसके बारे में जानकारी ली। इसके बाद मृतकों के नाम-पते की सूची कांग्रेस की ओर से इंदौर प्रशासन को देकर उनके घर पर स्वजन से राहुल गांधी को मिलाने की इच्छा जाहिर की गई। लेकिन प्रशासन के अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं से कहा गया कि क्षेत्र की संकरी गलियों में राहुल गांधी की सुरक्षा टीम और गाड़ियों का जाना संभव नहीं होगा। ऐसे में सभी मृतकों के घर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। किसी एक जगह बुलाकर पीड़ित परिवारों के राहुल गांधी से मुलाकात कराने के प्रशासन के सुझाव को मानने से कांग्रेस नेताओं ने फिलहाल इनकार कर दिया है। ऐसे में, अब संभावना है कि कुछ खींचतान के बाद राहुल गांधी के दौरे के लिए अंतिम तौर पर 10 से 12 घरों को तय किया जा सकता है।

Search

Archives