Home » शादी समारोह से दो नाबालिग बच्चियों का अपहरण, अगवा कर किया दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश

शादी समारोह से दो नाबालिग बच्चियों का अपहरण, अगवा कर किया दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार

रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आई थीं बच्चियां

धार। धार जिले के बाग थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों के साथ अपहरण और दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात के एक मुख्य आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित दोनों नाबालिग बालिकाएं मूल रूप से गंधवानी क्षेत्र की रहने वाली हैं। वे बाग थाना क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई थीं। सोमवार की रात जब शादी का कार्यक्रम चल रहा था, तभी दो युवकों ने बच्चियों को निशाना बनाया। दोनों युवक बच्चियों को डरा-धमकाकर जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान जगह पर ले गए और वहां उनके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वारदात के बाद पीड़ित बच्चियों ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने मंगलवार को तुरंत बाग थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की और एक आरोपी महेंद्र कुचावल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दुसरा आरोपी अजय पिता कालू मौर्य फरार है। महेंद्र गंधवानी के ग्राम देदली गांव का निवासी है। गिरफ्तार किए गए आरोपी महेंद्र को बुधवार को कुक्षी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

0 पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर कुक्षी न्यायालय में पेश कर दिया गया है। फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जल्द ही दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार होगा
– कैलाश चौहान, बाग थाना प्रभारी

Search

Archives