मऊगंज। मऊगंज पुलिस ने एक खास अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1650 कोरेक्स सिरप की शीशियों से भरी 14 पेटियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी और रीवा रेंज के आईजी के निर्देशन में की गई। इस तस्करी में शामिल एक राष्ट्रीय स्तर का कबड्डी खिलाड़ी भी पुलिस के हाथ लगा है।
मुखबिर से मिली पक्की सूचना के आधार पर मऊगंज पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर घेराबंदी की। जब गाड़ी की अच्छी तरह तलाशी ली गई, तो डिक्की और सीटों के नीचे छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में कोरेक्स सिरप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी श्रवण सिंह 20 साल, निवासी टिकट खुर्द, जिला सीधी को गिरफ्तार किया।
जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि श्रवण सिंह एक राष्ट्रीय स्तर का कबड्डी खिलाड़ी है, लेकिन वह नशे की तस्करी में भी शामिल था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक साथी पुलिस की कार्रवाई के दौरान भाग गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने NDPS एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए गाड़ी और जब्त कोरेक्स सिरप को कब्जे में ले लिया है। एसपी दिलीप सोनी ने कहा कि नशा मुक्त समाज के लिए चलाया जा रहा अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।







