Home » धार जिले में PM मोदी : स्वदेशी अपनाने की अपील, बोले- जो भी खरीदें देश में बना हो, जानें और क्या कहा
मध्यप्रदेश

धार जिले में PM मोदी : स्वदेशी अपनाने की अपील, बोले- जो भी खरीदें देश में बना हो, जानें और क्या कहा

भोपाल/धार। बुधवार को 75वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश की जनता को बड़ी सौगात देने के लिए धार पहुंच गए हैं। मंच पर सीएम यादव ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने देश के पहले पीएम मित्र पार्क समेत अन्य परियोजनाओं की सौगात प्रदेश को दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार के आयोजन में नारी शक्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल धार का नहीं बल्कि पूरे देश की माताओं और बहनों को समर्पित है। इसी के साथ ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ महाअभियान की शुरुआत की गई। पीएम मोदी ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इस पार्क से भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी, किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलेगा और सबसे बड़ा लाभ युवाओं को रोजगार से मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर यह “रिटर्न गिफ्ट” मध्य प्रदेश को दिया। धार में बने इस मेगा टेक्सटाइल पार्क से 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा, लाखों किसानों को सीधा फायदा पहुंचेगा।  महिलाओं को आवास सहित कई सुविधाएं मिलेंगी। युवाओं के लिए यहां रोजगार और स्टार्टअप के मौके उपलब्ध होंगे। पार्क की वजह से प्रदेश में दुनिया स्तर की सुविधाएं, सोलर और ग्रीन एनर्जी का उपयोग, बेहतरीन हाईवे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी मिलेगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि  “मोदी है तो मुमकिन है”  उनके नेतृत्व ने भारत की काया पलट दी है। उन्होंने कहा कि निमाड़ और मालवा अंचल में पीएम मित्रा पार्क के जरिए बड़ा मार्केट बन रहा है, जिसकी नींव आज रखी गई है। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और ऐतिहासिक पल का साक्षी बनी।
जो भी खरीदें स्वदेशी होना चाहिए- पीएम मोदी ने कहा कि देशवासी जो भी खरीदें वो देश में ही बना होना चाहिए। जो भी खरीदें, उसमें पसीना किसी न किसी हिंदुस्तानी का होना चाहिए। उसमें हिंदुस्तान की मिट्टी की खुशबू होनी चाहिए। मुझे 2047 तक विकसित भारत बनाना है। सभी व्यापारी भाई बहन जो भी बेचें वो हमारे देश में ही बना हुआ होना चाहिए। अब हमें स्वदेशी को विकसित भारत की नींव बनाना है। ये तब होगा जब हम देश में बनी हुई चीजों को गर्व से खरीदेंगे। हमें सबसे पहले ये देखना है कि क्या ये देश में बना है। जब हम ऐसा करते हैं तो हमारा पैसा देश में ही रहता है, जब पैसा देश में रहता है तो उसी से देश का विकास होता है। उसी से सड़कें बनती हैं, योजनाएं चलती हैं। इससे ही नए रोजगार पैदा होते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि 22 सिंतबर से यानी नवरात्र के पहले दिन से जीएसटी की नई दरें लागू हो रही हैं। हमें स्वदेशी को लेकर अभियान चलाना होगा, मैं राज्य सरकार से कहूंगा कि हर दुकान पर बोर्ड लगाएं जाएं जिन पर स्वदेशी सामानों की जानकारी लिखी हो। खरीदने वाले को भी पता चलेगा कि हम स्वदेशी खरीद रहे हैं। इसके बाद सभा में गर्व से कहो स्वदेशी हैं के नारे गूंजने लगे।
फाइव एफ पर हो रहा काम – पीएम मोदी ने कहा- धार में पीएम मित्र पार्क की स्थापना करके हम आहिल्या बाई होल्कर का काम आगे बढ़ा रहे हैं। यहां पर कपड़ों से संबंधित सारे काम होंगे। यहां खेत से कपास की कताई बुनाई डिजाइन एक्सपोर्ट का काम होगा। हम फाइव एफ पर काम कर रहे हैं। फार्म, फाइबर, फैक्टरी, फैशन और फॉरेन की चैन बन रही है। अब धार दुनिया के मार्केट में चमकेगा। मैं सभी लोगों को पीएम मित्र पार्क की बधाई देता हूं। देश में ऐसे कई और पार्क बनेंगे।

Search

Archives