Home » गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों का हमला, यात्रियों में मची भगदड़, दर्जनभर घायल
मध्यप्रदेश

गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर मधुमक्खियों का हमला, यात्रियों में मची भगदड़, दर्जनभर घायल

जबलपुर। नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों पर हमला बोल दिया। इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगमन से ठीक पहले हुई इस घटना से प्लेटफॉर्म को अफरा-तफरी मच गई।

जान बचाकर भागे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन आने की घोषणा के बीच ही बड़ी संख्या में मधुमक्खियां प्लेटफॉर्म पर फैल गईं और यात्रियों को निशाना बनाने लगीं। अचानक हुए हमले से लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते हालात भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। प्लेटफॉर्म पर चीख-पुकार मच गई।

पहले से था खतरा

बताया जा रहा है कि स्टेशन परिसर में बनी पानी की टंकी पर लंबे समय से मधुमक्खियों के छत्ते लगे हुए थे। स्थानीय लोगों ने कई बार इन्हें हटाने की मांग भी उठाई, लेकिन जिम्मेदारों ने इसे नजरअंदाज किया। आशंका है कि किसी कारण छत्तों में हलचल हुई और मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गईं।

12 यात्री घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हमले में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल प्लेटफॉर्म नंबर 1 को खाली कराया और घायलों को गाडरवारा सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों का इलाज जारी है, हालांकि कुछ लोगों को एक साथ कई डंक लगने से ज्यादा परेशानी हुई।

रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के चलते कुछ समय तक स्टेशन की गतिविधियां प्रभावित रहीं और कई यात्रियों ने अपनी यात्रा टाल दी। इस लापरवाही के बाद रेलवे की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द छत्तों को हटाने और स्टेशन परिसर में सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है।

Search

Archives