Home » नशे में धारदार हथियार लहराकर युवक ने किया हंगामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोरबा छत्तीसगढ़

नशे में धारदार हथियार लहराकर युवक ने किया हंगामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना काशीनगर में मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में एक युवक ने धारदार हथियार लेकर जमकर हंगामा किया। युवक सड़क पर धारदार हथियार लहराते हुए लोगों को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इससे मोहल्ले में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस से भी युवक उलझ गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

काशी नगर निवासी युवक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में घर से धारदार हथियार लेकर बाहर आया था। वह सड़क पर धारदार हथियार लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को गाली दे रहा था और मारने की धमकी दे रहा था। डर के कारण कई लोग अपने घरों में छिप गए। कुछ लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय युवक धारदार हथियार लहराते हुए हंगामा कर रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और जवानों से भी उलझ गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और थाने ले आई। मौके से बड़ी धारदार हथियार भी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस की तुरंत कार्यवाही के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यवाही की सराहना की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटना होने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।

Search