महिला के भेष बदलकर आया था लूटने
कोरबा। छुरीकला के चर्चित ‘राज ज्वेलर्स’ में कट्टा अड़ाकर और मिर्ची पाउडर फेंककर सनसनीखेज लूट का प्रयास करने वाले मुख्य सरगना विष्णु राठिया का खेल आखिरकार खत्म हो गया है। पुलिस ने आरोपी को कर्नाटक बॉर्डर से धर दबोचा है।
शातिर आरोपी विष्णु राठिया ने वारदात के वक्त खुद को छिपाने के लिए महिला का भेष (स्वांग) बनाया था। घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था। अपनी पहचान छुपाने के लिए वह कर्नाटक बॉर्डर पर स्थित हिन्दूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में एक आम मजदूर बनकर काम कर रहा था और पुलिस को चकमा देने की कोशिश में था।
स्पेशल टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद कोरबा पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत कर्नाटक के लिए रवाना हुई। टीम ने सूझबूझ से घेराबंदी करते हुए आरोपी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया।
नोट:- इस लूटकांड में शामिल दो अन्य सह-आरोपी गोपाल सिंह और परदेशी राम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के साथ ही अब इस पूरे मामले का पटाक्षेप हो गया है।
इन अधिकारियों के नेतृत्व में मिली सफलता
इस अंधे कत्ल और लूट के प्रयास के मामले को सुलझाने में पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी काम आई
दिशा-निर्देश: एसपी सिद्धार्थ तिवारी (आईपीएस)
रणनीति व नेतृत्व:- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) नीतीश ठाकुर (कटघोरा क्षेत्र)
मैदानी कार्रवाई:- कटघोरा टीआई श्री एम.बी. पटेल और उनकी विशेष पुलिस टीम
इस बड़ी कामयाबी से इलाके के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और कोरबा पुलिस की चौतरफा सराहना हो रही है।







