कोरबा। बांकीमोंगरा स्थित एक स्कूल के छात्रों के दो गुटों के बीच गुरुवार शाम 5 बजे हुई मारपीट का मामला अब थाने तक पहुंच गया है। छुट्टी के समय स्कूल के बाहर बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर बीच सड़क पर हुई इस हाथ-मुक्के वाली लड़ाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। घटना में एक छात्र की शर्ट भी फट गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट करने वाले कुछ छात्र स्कूल ड्रेस में नहीं थे और बाइक से आए थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे स्कूल के बाहर से आए नाबालिग छात्र थे। घटना के बाद भी काफी देर तक स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई हस्तक्षेप या समझाइश नहीं की गई। न ही समय पर पुलिस को सूचना दी गई, जिससे मामला और बिगड़ गया। स्थानीय लोगों ने इसे स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही बताया है। लोगों का कहना है कि पहले भी स्कूल के बाहर इस तरह की मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन छुट्टी के समय छात्रों पर निगरानी नहीं रखी जाती।
घटना के बाद दोनों पक्ष बांकीमोंगरा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत ली है और घायलों का मुलाहिजा कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग रिएक्शन सामने आ रहे हैं। कई लोग स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ छात्र अनुशासनहीनता को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
शिक्षा के मंदिर में इस तरह की हिंसा से अभिभावक भी चिंतित हैं। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन को छुट्टी के समय सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कड़ी करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







