Home » तेज बारिश के बीच उत्साह से निकली स्वतंत्रता दौड़, सद्भावना व एकता का दिया संदेश
कोरबा

तेज बारिश के बीच उत्साह से निकली स्वतंत्रता दौड़, सद्भावना व एकता का दिया संदेश

कलेक्टर दुदावत एवं एसपी श्री तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना, प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह

कोरबा। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सद्भावना, एकता एवं भाईचारे का संदेश देने के लिए 14 अगस्त को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। तेज बारिश के बीच भी जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं नागरिकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ स्वतंत्रता दौड़ में सहभागिता निभाई।

कलेक्टर  कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक  सिद्धार्थ तिवारी ने सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड कोरबा से स्वतंत्रता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक होते हुए वापस सीएसईबी ग्राउंड में पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्री दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने कहा कि आज की स्वतंत्रता दौड़ में जिस उत्साह और उमंग के साथ सभी ने सहभागिता निभाई है, उसी प्रकार सभी के जीवन में भी उत्साह, उमंग और भाईचारा बना रहे। देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी आपसी भाईचारे, सौहार्द और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करते हुए समाज में एकता एवं सद्भावना का वातावरण बनाए रखने में अपना योगदान दें।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन ने कहा कि तेज बारिश में भी सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ स्वतंत्रता दौड़ में सहभागिता निभाई। यह युवाओं के राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के कठिन संघर्ष, त्याग और वीरता से प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता का यह अमूल्य उपहार हमें राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वतंत्रता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उत्साहपूर्वक दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि तेज बारिश के बीच भी सद्भावना एवं एकता के संदेश के साथ आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। यह आयोजन सभी के लिए यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सद्भावना और सामाजिक एकता की भावना को निरंतर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से नगर को स्वच्छ रखने में सहभागिता निभाने, पानी बचाने तथा बारिश के पानी का संरक्षण कर उसे सहेजने की अपील की।

स्वतंत्रता दौड़ में सहायक कलेक्टर  इशांत जायसवाल, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर  देवेंद्र पटेल, एसडीएम  सरोज महिलांगे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। अधिकारियों ने धावकों का उत्साह बढ़ाते हुए समाज में परस्पर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी  दीनू पटेल, नगर पालिक निगम एवं यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारगण, व्यायाम शिक्षकगण, जिला स्तरीय अधिकारीगण, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।

Search

Archives