कोरबा। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पुराना पहंदा के पास अर्धरात्रि एक सड़क़ हादसा घटित हो गया। जानकारी के अनुसार कोरबा की ओर से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। घटना रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार डिवाइडर से टकराते ही ट्रेलर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह जलने लगा। हादसे में ट्रेलर का इंजन और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टायर सहित कई हिस्से जलकर खाक हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद ट्रेलर घंटों तक जलता रहा। स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर लगी स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं। अंधेरा होने के कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने सड़क़ पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की है। हालांकि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।







