Home » दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, हथियारों से लैस युवकों ने किया हमला, कई घायल
कोरबा छत्तीसगढ़

दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, हथियारों से लैस युवकों ने किया हमला, कई घायल

कोरबा। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष का आरोप है कि 50 से 60 युवक तलवार, हंसिया, चाकू, लाठी और डंडों से लैस होकर कॉलोनी में पहुंचे, घर में घुसकर हमला किया और युवक को जान से मारने की नीयत से तलवार से वार किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह दो पक्षों के बीच आपसी मारपीट का मामला है और दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार सीएसईबी चौकी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

उक्त हिंसक झड़प में घायल एक युवक ने आरोप लगाया कि वह अपनी कॉलोनी में बैठा था, तभी कई वाहनों में सवार होकर करीब 50 से 60 युवक वहां पहुंचे। सभी के हाथों में तलवार, हंसिया, चाकू, लाठी और डंडे थे। आरोप है कि हमलावर पहले उसके घर में घुसे और महिलाओं के साथ मारपीट की और फिर उसे बाहर खींचकर जानलेवा हमला कर दिया।

पीड़ित द्वारा दी जानकारी के अनुसार एक युवक ने उसके सिर पर तलवार से वार करने की कोशिश की। उसने बचाव में हाथ आगे कर दिया, जिससे तलवार उसके हाथ पर लगी और वह गंभीर घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

घायल युवक ने कई लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। हालांकि, पुलिस की जांच में मामला दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और मारपीट का सामने आया है।

उक्त मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

फिलहाल पुलिस उक्त घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने में जुटी हुई है। इस मामले में एक पक्ष ने 50 से 60 युवकों द्वारा हथियारों के साथ हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला मानते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।

Search

Archives